दिल्ली में लॉन्च हुआ E85 फ्यूल, पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता; इथेनॉल आधारित ईंधन को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली। देश में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली में E85 फ्यूल लॉन्च किया गया है। इस नए ईंधन में 85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण है। सरकार ने इसे पारंपरिक पेट्रोल की तुलना में करीब 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता रखा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इथेनॉल आधारित ईंधन को अपनाएं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू किए गए इस फ्यूल की कीमत दिल्ली में 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है, जबकि सामान्य E20 पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर के आसपास है। कीमत में यह अंतर उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ-साथ स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रखा गया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि E85 फ्यूल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का लक्ष्य इथेनॉल मिश्रित ईंधन के उपयोग को बढ़ाकर पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय में वृद्धि को भी प्रोत्साहित करना है।
हालांकि यह ईंधन केवल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों में ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। ऐसे वाहन उच्च इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चलने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए जाते हैं। ऑटोमोबाइल कंपनियां भी अब ऐसे वाहनों के उत्पादन पर जोर दे रही हैं।
सरकार की योजना आने वाले समय में देश के विभिन्न शहरों में इथेनॉल ईंधन उपलब्ध कराने की है। इससे न केवल प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि विदेशी मुद्रा बचत और घरेलू कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।











