दुर्ग में नकली सोने की बड़ी ठगी का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
दुर्ग – शहर में नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 8.25 लाख रुपये की ठगी के मामले में 2 पुरुषों और 1 महिला सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी पवन कुमार जैन, निवासी भोई पारा दुर्ग ने 04 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 सितंबर और 30 सितंबर को एक महिला और एक पुरुष ने सहेली आर्म्स, श्री शिवम मॉल दुर्ग में 84.880 ग्राम नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखा और 8,25,000 रुपये नगद ले लिए।
शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 555/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश कुमार और मीनाक्षी बाघ को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने नकली जेवरात सप्लाई करने वाले तीसरे आरोपी राजेश अग्रवाल को भी रायपुर से गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी –
1. रमेश कुमार, उम्र 35 वर्ष, निवासी शिवानंद नगर, रायपुर 2. मीनाक्षी बाघ, उम्र 39 वर्ष, निवासी कादम्बरी नगर, दुर्ग 3. राजेश अग्रवाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी कबीर नगर, रायपुर
जप्त सामान – 04 मोबाइल फोन और 84.880 ग्राम नकली सोने के जेवरात।
ठगी का तरीका – आरोपी नकली जेवरात को असली सोने के जेवरात की तरह पॉलिश कर पेश करते थे और भरोसे में लेकर गिरवी रखकर मोटी रकम ऐंठ लेते थे।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली दुर्ग और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोना या अन्य कीमती जेवरात की खरीदी-बिक्री या गिरवी रखने से पहले उसकी शुद्धता की जांच जरूर कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
