बालोद बिग ब्रेकिंग: कॉलेज जा रही युवती पर एसिड अटैक हालत नाजुक, आरोपी जंगल की ओर फरार

बालोद। जिले से सोमवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में कॉलेज जा रही एक युवती पर अज्ञात युवक ने एसिड फेंककर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना आज सुबह की है। युवती रोज की तरह कॉलेज जा रही थी, तभी अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद तांदुला बांध के जंगल की ओर भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी।

सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने में जुटी है। हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Back to top button