दुर्ग में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ : 4 आरोपी गिरफ्तार, 6 मवेशी छुड़ाए

दुर्ग । जिले में मवेशियों की तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चिखली चौक के पास संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।


अमानवीय स्थिति में ले जाए जा रहे थे मवेशी

पुलिस जांच में पाया गया कि पिकअप वाहन में 6 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। उनके लिए न पर्याप्त जगह थी और न ही चारा-पानी की कोई व्यवस्था थी।


सूचना पर की गई कार्रवाई

युवराज साहू की सूचना पर पुलिस ने 23 अप्रैल की रात चिखली चौक क्षेत्र में घेराबंदी कर पिकअप (CG 05 D 1007) को रोका और जांच की।


चार आरोपी गिरफ्तार

मौके पर ही पुलिस ने निर्मल मनेश्वर, तुलसीराम नागेश्वर, जयपाल नागेश्वर और भगतराम खरे को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के बालाघाट और सिवनी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।


कानूनी धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 और 6 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है।


वाहन और मवेशी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन सहित सभी 6 मवेशियों को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 32 हजार रुपए आंकी गई है।


मवेशियों का विवरण

जब्त किए गए मवेशियों में 2 पड़वा, 3 पड़िया और 1 बछिया शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Back to top button