रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पर बड़ी कार्रवाई : मास्टरमाइंड के ठिकाने पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

रायपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस): राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकाने पर छापा मारा है। गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में दबिश दी।


10 टीमों की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस की करीब 10 टीमों ने सर्च वारंट के साथ कार्रवाई की। मौके पर आरोपी की मां और परिवार की अन्य महिलाएं मौजूद थीं। तलाशी के दौरान कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं।


लग्जरी कारें और संपत्ति का खुलासा

छापेमारी के दौरान बीएमडब्ल्यू, क्रेटा सहित पांच लग्जरी कारें बरामद की गईं। इसके अलावा रविभवन क्षेत्र में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मार्ग पर करीब एक एकड़ जमीन की जानकारी भी सामने आई है।


फर्जी आईडी और म्यूल अकाउंट से सट्टा संचालन

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाबू और उसका भाई करण ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी का इस्तेमाल करते थे। लेन-देन के लिए कई म्यूल बैंक खातों का भी उपयोग किया जा रहा था।


महादेव ऐप से जुड़ा रहा नेटवर्क

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले महादेव सट्टा एप से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसने अपना खुद का नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला आरोपी आपत्तिजनक वीडियो भी पोस्ट करता था, जिसकी जांच जारी है।


बड़े नेटवर्क के लिंक खंगाल रही पुलिस

इस मामले में शहर के एक पूर्व महापौर के रिश्तेदार से संबंधों की भी चर्चा सामने आई है। इससे पहले कबीर नगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई में इस नेटवर्क का सुराग मिला था, जिसमें आरोपी का चचेरा भाई भी गिरफ्तार किया गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों के ट्रांजेक्शन की गहन जांच की जा रही है।

Back to top button