दुर्ग में सट्टा कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई: दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वैशालीनगर थाना और पुरानी भिलाई पुलिस ने अलग-अलग मामलों में सट्टा खेलते और खिलाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


ऑनलाइन सट्टा गिरोह का आरोपी गिरफ्तार

वैशालीनगर थाना पुलिस ने ‘कल्याण’ और ‘राजधानी’ नाम के सट्टा गेम से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संतोष शर्मा उर्फ संतन (40) निवासी कैलाशनगर, जामुल क्षेत्र के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल सट्टा संचालन में किया जा रहा था। जब्त मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।


पहले भी मिला था सुराग

पुलिस को 17 अप्रैल को सूचना मिली थी कि जवाहर नगर पुलिया के पास कुछ लोग सट्टा खेल रहे हैं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से पकड़ा गया था, जिसकी पूछताछ में अन्य आरोपियों की जानकारी मिली।


पुरानी भिलाई में भी रेड, युवक पकड़ा गया

एक अन्य मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने गत्वा तालाब के पास सट्टा खिलाते हुए अविनाश ढीमर (28) को गिरफ्तार किया। वह शांतिपारा का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 5 सट्टा पट्टी और 4025 रुपये नकद जब्त किए हैं।


जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।


पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button