भिलाई में पत्नी ने पति की हत्या की : घरेलू विवाद में सिलबट्टे से वार, मौके पर मौत

दुर्ग, 20 अप्रैल (आरएनएस)। भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक पत्नी ने गुस्से में आकर अपने पति की सिलबट्टे से हत्या कर दी। घटना कैंप-2 के दुर्गा पारा, वार्ड 35 की है।


सिलबट्टे से वार कर की हत्या

जानकारी के अनुसार, मृतक डोमन साहू (40) और उसकी पत्नी हीरामणी साहू (35) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में पत्नी ने पति के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से डोमन साहू की मौके पर ही मौत हो गई।


जमानत के बाद फिर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि घटना से पहले पत्नी ने 19 अप्रैल को पति के खिलाफ जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

शाम को घर लौटने के बाद इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा।


अक्सर होता था झगड़ा, पड़ोसी भी परेशान

पड़ोसियों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। मृतक शराब के नशे में घर में झगड़ा करता था और कई बार बच्चों के साथ भी मारपीट करता था, जिससे परिवार का माहौल खराब रहता था।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


यह घटना घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों के गंभीर परिणामों की एक और भयावह मिसाल बनकर सामने आई है।

Back to top button