दुर्ग से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का पहला जत्था

बोलबम सेवा समिति के करीब 200 शिवभक्त देवघर यात्रा पर निकले, ऋषि साहू ने किया स्वागत

दुर्ग। सावन माह के प्रथम दिन दुर्ग रेलवे स्टेशन से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए बोलबम सेवा समिति, गंजपारा के करीब 200 शिवभक्तों का पहला जत्था रवाना हुआ। इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

त्रिशूल भेंट कर दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में युवक कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार ऋषि साहू ने पूर्व विधायक अरुण वोरा के हाथों श्रद्धालुओं को बाबा का पवित्र त्रिशूल भेंट कराया। साथ ही यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।

आस्था और एकता का प्रतीक है यात्रा : अरुण वोरा

इस अवसर पर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि बाबा धाम की यात्रा केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामूहिक एकता, अनुशासन और भारतीय संस्कृति का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस पदाधिकारी

कार्यक्रम में पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिश्रा, सुधीर कुमार सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बोलबम सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए यात्रा शुरू की।

Back to top button