रायगढ़ : इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया लोकार्पण
चैतन्य नगर में शुरू हुई आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से लैस शाखा, व्यापार, उद्योग और डिजिटल बैंकिंग को मिलेगा बढ़ावा
रायगढ़। शहर के चैतन्य नगर स्थित कृष्णा क्राउन कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर शाखा का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक विकास, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और आम नागरिकों तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का मिलेगा लाभ
बैंक अधिकारियों ने बताया कि नई शाखा में बचत एवं चालू खाते, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग, एटीएम सुविधा, डिजिटल बैंकिंग, कृषि एवं व्यवसायिक ऋण सहित कई आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।
वित्तीय समावेशन पर सरकार का जोर
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नई शाखा शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को सुविधा मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने की प्रतिबद्धता
इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक गौरी शंकर नायक ने कहा कि बैंक आधुनिक तकनीक आधारित, तेज और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ की नई शाखा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ, पवन अग्रवाल, बैंक के राज्य विपणन प्रमुख एवं आईटी उत्पाद के वरिष्ठ प्रबंधक बृजेश सिंह गौतम, रायगढ़ शाखा प्रबंधक प्रताप कुमार प्रधान, सहायक प्रबंधक जयराम दोराई, लिपिक संजय डे सहित बैंक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


