धमतरी: जनसेवा की अनूठी पहल; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी
धमतरी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बंदरचुवां में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय द्वारा जनहित में भेंट की गई एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। यह एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कांसाबेल में तैनात की जाएगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।
जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंदों की सेवा के लिए उठाया गया यह कदम अत्यंत अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने जनसेवा के प्रति श्री सालिक साय के समर्पण और उनके निरंतर योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
निजी खर्च पर एम्बुलेंस का संचालन
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने जानकारी दी कि एम्बुलेंस के संचालन की पूरी जिम्मेदारी उन्होंने स्वयं ली है। इसके रखरखाव, चालक का मानदेय और ईंधन का संपूर्ण व्यय उन्हीं के द्वारा वहन किया जाएगा।
इस एम्बुलेंस सेवा के शुरू होने से कांसाबेल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को कम समय में बेहतर चिकित्सा सुविधा तक पहुँचाने में यह एम्बुलेंस एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। स्थानीय निवासियों ने श्री सालिक साय के इस संवेदनशील प्रयास की सराहना की है।


