धमतरी : भाजपा कार्यक्रम में अजय चंद्राकर नाराज, मंच पर बैठने से किया इनकार; मंत्री टंकराम वर्मा के बुलाने पर भी नहीं पहुंचे

धमतरी। जिले में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मंच पर बैठने के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए। मंत्री टंकराम वर्मा ने उन्हें मंच पर आने के लिए हाथ जोड़कर आमंत्रित किया, लेकिन वे अपनी जगह पर ही बैठे रहे।

स्वागत कार्यक्रम पर जताई आपत्ति

कार्यक्रम की शुरुआत में अजय चंद्राकर ने स्वागत-सत्कार की व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि उन्होंने अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे दुखद समय में स्वागत कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं है।

इसके बाद वे मंच पर बैठने के बजाय नीचे कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए।

मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच पर बुलाया

कार्यक्रम के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से हाथ जोड़कर अजय चंद्राकर को ऊपर आने का आग्रह किया। इसके बावजूद चंद्राकर मंच पर नहीं पहुंचे और कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठे रहे। उनके इस व्यवहार ने कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का ध्यान खींचा।

विधायक के व्यवहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चा

अजय चंद्राकर की नाराजगी और मंच पर नहीं बैठने की घटना अब चर्चा का विषय बन गई है। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में वे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए थे, लेकिन स्वागत कार्यक्रम पर आपत्ति जताते हुए मंच से दूरी बनाए रखी।

इस घटनाक्रम को अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद पार्टी के कार्यक्रम में स्वागत-सत्कार को लेकर उनकी असहमति के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button