रायगढ़ : 24.620 टन कोयले की हेराफेरी कर बिहार में बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख का ट्रक जब्त
रायगढ़। कोयला परिवहन के दौरान 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे दूसरी जगह बेचने के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत की गई।
जामपाली खदान से अकलतरा के लिए निकला था कोयला
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ के बोईरदादर निवासी विवेक पांडेय ने 8 मई 2026 को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ के माध्यम से कोयला परिवहन का काम किया जाता है।
जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित आरसमेटा प्लांट तक कोयला पहुंचाने का सौदा ट्रक चालक लल्लन प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर से तय हुआ था। इसके बाद ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया।
लेकिन अगले दिन तक ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर पहले उसने फोन नहीं उठाया। करीब 10 दिन बाद फोन उठाने पर उसने कोयला दूसरी जगह बेच देने की बात कही और शिकायतकर्ता को धमकी भी दी।
ईंट बनाने वालों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचा कोयला
शिकायत के आधार पर घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की। जानकारी मिली कि आरोपी बिहार के रोहतास जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना की गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर ललन कुमार पासवान (57 वर्ष), पिता स्वर्गीय केदार पासवान, निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हड़पे गए कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों को बेचना स्वीकार किया।
10 लाख रुपये का ट्रक जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कोयला परिवहन में इस्तेमाल किया गया ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को बिहार की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद रायगढ़ लाया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक उधोराम पटेल और मनोज जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों की भी तलाश कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
