
रायगढ़।। कृषि विभाग ने मल्टीनेशनल कंपनी बायर के महंगे फफूंदनाशक प्रोडक्ट के नकली उत्पाद एक मकान से जब्त किए थे। इसमें रायगढ़ निवासी एक कारोबारी का नाम सामने आ रहा है। कृषि विभाग ने स्टेप बाय स्टेप कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल नकली फफूंदनाशन जब्त किए गए मकान के मालिक को नोटिस दिया गया है। कृषि विभाग की टीम ने 17 नवंबर को जिले में नकली कीटनाशक के चल रहे व्यापार पर बड़ी कार्रवाई की थी। किसानों से ठगी करने वाले गिरोह का सरगना रायगढ़ का ही एक धन्ना सेठ बताया जा रहा है। कृषि विभाग ने छातामुड़ा चौक से सारंगढ़ रोड की ओर एक मकान में कार्रवाई की थी। वहां से बायर क्रॉप साइंस लिमिटेड कंपनी के फफूंदनाशी नेटिवो के हजारों खाली रैपर बरामद किए थे।
500 ग्राम के 2171 और 250 ग्राम के 511 पैकेट भरे हुए थे। जबकि 190 किलो नकली पाउडर चार बोरियों में जब्त किया गया। इसके साथ ही 500 ग्राम के 1800 और 250 ग्राम के 4000 खाली पैकेट भी जब्त किए गए थे। कीटनाशी अधिनियम के तहत जब्त सामग्री को लेकर मकान मालिक मदन प्रसाद पिता महादेव प्रसाद वार्ड 40 मकान नंबर 21 अटल चौक बायपास को नोटिस दिया गया है। तीन दिनों के अंदर स्वयं उपस्थित होकर जवाब देने को कहा गया हे। साथ ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करवाने की चेतावनी दी गई है।
नकली पाउडर खरीदने वाले किसान लुटे
दरअसल रायगढ़ के एक व्यापारी ने ही उस मकान में नकली पाउडर और बायर कंपनी के नकली रैपर भिजवाए थे। यह काम लंबे समय से चल रहा था। अब तक रायगढ जिले में लाखों के नकली फफूंदनाशक बेचे जा चुके हैं। कई किसानों ने कंपनी पर भरोसा करके उत्पाद खरीदा लेकिन यह असरकारक नहीं निकला। किसानों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि नकली सामग्री किस दुकान से खरीदी गई है। गिरोह का पर्दाफाश करने में कृषि विभाग जुट गया । किसानों से भी जानकारी ली जा रही है।




