नवरात्रि में डोंगरगढ़ पदयात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था, 24 घंटे तैनात रहेंगे पुलिस पेट्रोलिंग वाहन; दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक डायवर्जन
दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक पदयात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। इसके साथ ही दुर्ग शहर और भिलाई के सेक्टर क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।
पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पेट्रोलिंग
दुर्ग यातायात पुलिस के अनुसार, नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। इसे देखते हुए कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक सुरक्षित पदयात्रा कॉरिडोर तैयार किया गया है।
इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क के बाईं ओर चलने की समझाइश दी जाएगी। मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को सहायता मिल सके।
डोंगरगढ़ जाने के लिए निर्धारित किया गया पदयात्रा मार्ग
पुलिस ने पैदल श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित रूट जारी किया है। इसके अनुसार पदयात्रियों को कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव मार्ग से डोंगरगढ़ जाना होगा।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है। हाईवे पर पैदल चलते समय सर्विस लेन का इस्तेमाल करने और बाईपास पर पैदल चलने से बचने की सलाह दी गई है।
भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में वाहनों का डायवर्जन
नवरात्रि के दौरान भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू की ओर आने वाले चारपहिया वाहनों को सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करें।
गंजपारा में रात के समय बदलेगा यातायात मार्ग
दुर्ग शहर में गंजपारा दुर्गा पंडाल के आसपास रात के समय यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा।
वहीं, पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। बस स्टैंड से पुलगांव की ओर जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
रात में मध्यम और भारी वाहनों की नो-एंट्री
नवरात्रि के दौरान दुर्ग शहर में रात के समय मध्यम और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले मार्गों पर यह व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
