BREAKING JASHPUR : कुनकुरी शहर में घुसा दंतैल हाथी, अस्पताल की बाउंड्रीवाल तोड़ी; NH-43 पर लगा जाम

जशपुर/कुनकुरी। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी शहर में एक दंतैल हाथी के घुसने से हड़कंप मच गया। हाथी ने हॉलीक्रॉस अस्पताल, लोयोला कॉलेज और लोयोला स्कूल परिसर में उत्पात मचाया। इस दौरान हॉलीक्रॉस अस्पताल परिसर की बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त कर दी। हाथी के शहर में पहुंचने से लोगों में दहशत का माहौल है।

हॉलीक्रॉस अस्पताल की बाउंड्रीवाल तोड़ी

मिली जानकारी के अनुसार, दंतैल हाथी चर्च के रास्ते लोयोला कॉलेज परिसर से होते हुए नर्सरी की ओर पहुंचा। इस दौरान हाथी ने हॉलीक्रॉस अस्पताल परिसर की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। शहर के शैक्षणिक संस्थानों और अस्पताल के आसपास हाथी की मौजूदगी से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

नेशनल हाईवे-43 पर पहुंचा हाथी, यातायात प्रभावित

दंतैल हाथी कुनकुरी के नेशनल हाईवे-43 तक पहुंच गया, जिसके चलते कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

शहर के बीच हाथी की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। हाथी के करीब जाने, उसे घेरने या तस्वीरें लेने के लिए भीड़ लगाने से बचें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और वन विभाग तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

फिलहाल हाथी की आगे की गतिविधियों और उसे सुरक्षित तरीके से शहर से बाहर निकालने के संबंध में आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

Back to top button