नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
रायगढ़, 13 जुलाई। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के दरोगा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नाबालिग बालिका के साथ अपराध किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने लाई। इसके बाद 11 जुलाई को पीड़िता की मां ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी (38 वर्ष), निवासी दरोगा पारा, बुढ़मई मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली, रायगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस प्रकरण के सभी पहलुओं की संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है।
कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे।



