तंबाकू के खिलाफ अभियान तेज, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बिक्री पर सख्ती के निर्देश

रायगढ़, 13 जुलाई 2026। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय अभियान कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए तंबाकू नियंत्रण के प्रभावी क्रियान्वयन और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों को देखते हुए जनजागरूकता के साथ-साथ कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बिना वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर भी प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत अभियान को प्राथमिकता के साथ लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति को नियंत्रित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. विवेक उपाध्याय ने कार्यक्रम की प्रगति, जनजागरूकता गतिविधियों और प्रवर्तन दल की कार्रवाइयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभागीय समन्वय और सतत जागरूकता अभियान के माध्यम से जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैकरा सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Back to top button