निरमा पैकिंग की आड़ में चल रही थी अवैध गुटखा फैक्ट्री, पुलिस ने मारा छापा
दुर्ग।
जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा ने अपना गोदाम करीब 15-20 दिन पहले उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू को किराए पर दिया था। आरोपी ने गोदाम में निरमा पाउडर की पैकिंग का काम करने की बात कही थी। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच किरायानामा भी तैयार किया गया था।
कुछ दिनों तक गतिविधियां सामान्य रहीं, लेकिन बाद में किराएदार का मोबाइल फोन बंद आने लगा। इसी दौरान गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। परिसर में तैनात गार्ड ने भी गोदाम मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। संदेह बढ़ने पर गोदाम मालिक ने जेवरा सिरसा चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में जर्दा युक्त गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री, मिक्सर मशीन, कटर मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए। कई बोरियों में गुटखा निर्माण का रॉ मटेरियल भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और बरामद सामग्री को जब्त करने के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। मामले में अवैध गुटखा निर्माण से संबंधित सामग्री बरामद हुई है। फरार आरोपी मोहम्मद सानू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री कब से संचालित हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि 11 जून को भी दुर्ग जिले के अंडा क्षेत्र में निरमा पाउडर निर्माण की आड़ में चल रही एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का खुलासा हुआ था, जिसमें 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से जिले में सक्रिय अवैध गुटखा कारोबार के नेटवर्क पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



