निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर धंसी यात्री बस, बड़ा हादसा टला

खोडरी तिराहे के पास सड़क किनारे धंसा पहिया, सभी यात्री सुरक्षित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला क्षेत्र स्थित खोडरी तिराहे के पास निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बिलासपुर से पेण्ड्रारोड जा रही एक यात्री बस का पहिया सड़क किनारे धंस जाने से बस एक ओर झुक गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और समय रहते किए गए प्रयासों से बस पलटने से बच गई और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार, पुष्पराज ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG10 BZ 0990) बिलासपुर से रतनपुर और बेलगहना होते हुए पेण्ड्रारोड जा रही थी। खोडरी तिराहे के पास निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे की गई कटिंग और लगातार बारिश से नरम हुई मिट्टी में बस का अगला पहिया धंस गया।

बस झुकते ही मची अफरा-तफरी

पहिया धंसने के बाद बस एक तरफ झुक गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार महिलाओं और बच्चों सहित सभी यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन क्षेत्र में पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए थे। बारिश के मौसम में इस प्रकार की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।

सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन एवं निर्माण एजेंसी से निर्माणाधीन हाईवे पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

Back to top button