नौकरी दिलाने के नाम पर 3.38 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 9 मई 2026: कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लंबे समय तक गुमराह किया था।

कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी को जशपुर जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


नौकरी लगाने के नाम पर लिए 3.38 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी कुमारी पदिमनी यादव ने थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी हरीश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा देकर उससे रकम ली।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 9 फरवरी 2026 से 22 मार्च 2026 के बीच नकद और फोन-पे के माध्यम से कुल 3 लाख 38 हजार 500 रुपये प्राप्त किए थे।


फर्जी नियुक्ति पत्र देकर करता रहा गुमराह

जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी, तब आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने “कॉल मी सर्विसेस” नाम से एक नियुक्ति पत्र युवती को दिया।

पीड़िता जब दस्तावेज लेकर कलेक्ट्रेट रायगढ़ पहुंची, तब जांच में नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।


जशपुर से आरोपी गिरफ्तार

मामले में थाना कोतरारोड़ में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी फरार चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने जशपुर में घेराबंदी कर आरोपी हरीश मिश्रा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अधिकांश रकम खर्च कर चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किए हैं।


पहले भी रह चुका है सरकारी विभाग में कार्यरत

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत रह चुका है। उसके व्यवहार और गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें होने की बात सामने आई है।


एसएसपी ने लोगों को किया सतर्क

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नौकरी दिलाने या सरकारी भर्ती कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही प्राप्त करें और धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Back to top button