मरवाही में वन विभाग की बड़ी कार्यवाही गांव से भारी मात्रा में साल की लकड़ी बरामद

पेंड्रा। जिले के मरवाही वनमंडल में अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पिपरखुटी गांव में भारी मात्रा में साल लकड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई मरवाही वनमंडल अधिकारी ग्रीष्मी चाँद के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।।वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिपरखुटी के कक्ष क्रमांक 2324 एवं 2325 क्षेत्र में अवैध रूप से साल लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान लाल सिंह राठौर के घर से 136 नग साल चीरान तथा 11 नग साल के लठ्ठे बरामद किए गए। वन विभाग ने सभी लकड़ियों को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई देर शाम शुरू हुई और रात लगभग 10 बजे तक चलती रही। भारी मात्रा में साल लकड़ी मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। वन विभाग इस मामले को गंभीर वन अपराध मानते हुए आगे की जांच में जुट गया है। वहीं डीएफओ ग्रीष्मी चाँद ने बताया कि साल की लकड़ी प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और इसके अवैध कटान, परिवहन व भंडारण पर कानूनी रोक है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कार्यवाही के दौरान आरोपी के घर से टीम ने हाथ और मशीन से लकड़ी काटने वाले आरा भी मिले है सभी को जप्त कर लिया गया है साथ ही जब्त लकड़ी की कीमत का भी आंकलन किया जा रहा है। वहीं वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे जंगलों की अवैध कटाई या लकड़ी तस्करी की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।।।

Back to top button