नौगई तिहरे हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 और आरोपी गिरफ्तार

कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नई गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल 12 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

16 जून को हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, ठेकेदार नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की वाहन में आग लगाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच लगातार जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में हत्याकांड के पीछे रेत खनन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लगातार कार्रवाई की है।

मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। मृतकों के परिजनों ने भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Back to top button