भारी बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर बाल संप्रेक्षण गृह से 11 किशोर फरार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (चाइल्ड ऑब्जर्वेशन होम) से मंगलवार शाम 11 किशोर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भारी बारिश और बिजली गुल होने की स्थिति का फायदा उठाकर सभी किशोर परिसर से निकलने में सफल रहे। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:30 बजे अचानक तेज बारिश और अंधेरा होने के दौरान संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। इसी दौरान 11 किशोर वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा फरार किशोरों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गौरतलब है कि अंबिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह से किशोरों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ चुके हैं। पूर्व में भी यहां से किशोरों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस और जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फरारी में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा चूक तो नहीं हुई। फरार किशोरों की तलाश जारी है।



