पंचधारी एनीकट में नहाने और शराबखोरी करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 5 लोग गिरफ्तार

रायगढ़। पंचधारी एनीकट को प्रशासन द्वारा हाई रिस्क जोन घोषित किए जाने के बावजूद वहां प्रतिबंधित गतिविधियां जारी हैं। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने डेम क्षेत्र में नहा रहे तीन युवकों और शराब सेवन कर रहे दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जिला प्रशासन द्वारा पंचधारी एनीकट क्षेत्र में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए प्रतिबंध लागू किया गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर यहां नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी और वीडियो बनाने पर रोक लगाई है।

डेम में नहाते मिले युवक

कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक पंचधारी एनीकट में नहा रहे हैं और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक डेम में नहाते मिले।

पुलिस के अनुसार युवकों को समझाइश देने पर वे विवाद करने लगे और गवाहों को धमकी देने लगे। इसके बाद पुलिस ने दीपक कुमार यादव, संतोष कुमार यादव और उमाशंकर साहू के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।

शराब पीते दो लोग भी पकड़े गए

कार्रवाई के दौरान डेम के पास शराब सेवन कर रहे दो अन्य व्यक्तियों को भी पुलिस ने पकड़ा। उनकी पहचान धनंजय साहू और संजु कंवर के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने शांति भंग की आशंका को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पंचधारी एनीकट क्षेत्र में जारी प्रतिबंधों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button