
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक पति द्वारा अपनी पत्नी को कथित तौर पर बीयर पिलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें खींचने और उन्हें वायरल करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता महिला ने अपने पति पर उसे बीयर पिलाकर उसके अश्लील फोटो खींचने और चचेरे ससुर द्वारा उन्हें वायरल कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पारिवारिक विवाद में उसे बदनाम करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला का कहना है कि नवंबर 2019 में उसका विवाह मेरठ निवासी युवक के साथ हुआ था। एक साल से उसका पति के साथ विवाद चल रहा है, जिसके कारण वह अपने मायके में रह रही है। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले पति ने उसे बीयर पिलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें उतार ली थी। वहीं, बुलंदशहर के रहने वाले उसके चचेरे ससुर ने उसकी वो निजी तस्वीरें वॉट्सऐप पर वायरल कर दिए।