पूर्व विधायक का सोशल मीडिया अकाउंट हैक, समर्थकों से 35 से 50 हजार की मांग

*साइबर ठगी का नया जाल: पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा के नाम पर पैसों की मांग, कांग्रेस ने जारी किया अलर्ट*
बालोद। जिले में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संजारी बालोद विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक भैयाराम सिन्हा का सोशल मीडिया अकाउंट अज्ञात हैकर ने हैक कर लिया है। हैक करने के बाद हैकर ने उनके अकाउंट से उनके परिचितों, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मैसेज भेजकर 35 हजार से 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद के नाम पर मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कई लोगों को पूर्व विधायक के नाम से मैसेज आया कि उन्हें अर्जेंट पैसों की जरूरत है और बताए गए नंबर/अकाउंट पर पैसे भेज दें। जब एक साथ कई लोगों को एक जैसे मैसेज मिले तो शक गहराया।

मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस संगठन में हड़कंप मच गया। ब्लॉक कांग्रेस गुरूर के अध्यक्ष डॉ. किशोर साहू ने भी इस तरह का मैसेज मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक के नाम से पैसे मांगने का मैसेज उनके पास भी आया था। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से लोगों को अलर्ट किया और अपील की कि भैयाराम सिन्हा के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या पैसे की मांग पर कोई भी लेन-देन न करें।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर एक्सपर्ट इंस्पेक्टर रोहित मालेकर ने कहा है कि इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अकाउंट हैक होने की स्थिति में सबसे पहले पासवर्ड बदलें, सभी डिवाइस से अकाउंट को लॉगआउट करें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) को तुरंत सक्रिय करें। साथ ही अपने सभी संपर्कों को इसकी जानकारी देकर फर्जी मैसेज से सावधान करें और नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

फिलहाल पूर्व विधायक के अकाउंट को रिकवर करने की कोशिश की जा रही है।
अपील: यदि आपके पास भी भैयाराम सिन्हा के नाम से पैसे मांगने का कोई मैसेज आया है तो किसी भी अनजान नंबर पर पैसा ट्रांसफर न करें और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Back to top button