
फर्जी ई-वे बिल बनाकर चोरी का स्क्रैप खपाने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 21 मई 2026। रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने फर्जी ई-वे बिल बनाकर चोरी का स्क्रैप खपाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी नीरज अग्रवाल अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए हो रहा था अवैध स्क्रैप कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी के स्क्रैप को ट्रकों में भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचाते थे। कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी ई-वे बिल और टैक्स इनवॉइस तैयार कर पुलिस और न्यायालय को गुमराह किया जाता था।
यह मामला 13 मार्च 2026 को थाना पुसौर में दर्ज इस्तगासा क्रमांक 04/26 और 05/26 की जांच के दौरान सामने आया। पूछताछ में ट्रक चालक कुबेर यादव और सरोज भोई ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से स्क्रैप लेकर रायगढ़ के पूंजीपथरा क्षेत्र जा रहे थे।
जांच में सामने आई बड़ी गड़बड़ी
जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल में गंभीर विसंगतियां मिलीं। दस्तावेजों में माल डिस्पैच स्थान अलग-अलग दर्शाया गया था, जिससे पुलिस को स्क्रैप चोरी और टैक्स चोरी का संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ओडिशा पहुंची पुलिस टीम, फर्जीवाड़े का खुलासा
विवेचना के दौरान रायगढ़ पुलिस टीम ओडिशा के भेडन थाना क्षेत्र स्थित मसौदी इंटरप्राइजेस पहुंची। यहां फर्म संचालक गुलाम हैदर और उसके भाई गुलाम मोहम्मद से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुसौर पुलिस द्वारा ट्रक पकड़े जाने के बाद रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल के कहने पर रात में फर्जी ई-वे बिल तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए थे, ताकि ट्रकों को वैध दस्तावेज दिखाकर छुड़ाया जा सके।
जीएसटी चोरी और कूटरचना के भी मिले प्रमाण
पुलिस ने आरोपी गुलाम हैदर के कब्जे से मोबाइल फोन, फर्म से जुड़े दस्तावेज और जीएसटी बिल जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में ई-वे बिल को फर्जी तरीके से तैयार कर शासन को जीएसटी राजस्व का नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है।
मामले में समय संबंधी कूटरचना कर दस्तावेजों को पहले से जारी दिखाने के भी प्रमाण मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
1. सरोज भोई (44 वर्ष), निवासी बरगढ़, ओडिशा
2. कुबेर यादव (37 वर्ष), निवासी सराईपाली, महासमुंद
फरार आरोपी : नीरज अग्रवाल
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी दस्तावेज बनाकर शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने और चोरी के माल के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे माफियाओं को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।


