
बचपन का प्यार’ से पाई शोहरत- अब जीवन के लिए संघर्ष: सहदेव ICU में, खून का थक्का जमा, लगे 8 टांके, रायपुर किया जाएगा रेफर
जगदलपुर। देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर के संगीत प्रेमियों को अपनी गायकी के मासूम अंदाज से दीवाना बनाने वाला सहदेव अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का रहने वाला सहदेव मंगलवार की शाम सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसका जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सहदेव अभी ICU में भर्ती बताया गया है। डाक्टरों के मुताबिक उसे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में 8 टांके भी लगे हैं। खून का थक्का जमा हुआ है। सहदेव अभी होश में तो है, परिजनों से थोड़ी बहुत बातें भी कर रहा है। लेकिन देशभर से उसके चाहने वाले सहदेव की सेहत को लेकर लगातार चिंता जता रहे हैं। इधर मशहूर रैपर बादशाह भी लगातार फोन पर सहदेव के स्वास्थ्य का अपडेट परिजनों से ले रहे हैं। सहदेव के मित्रों के मुताबिक हादसे की खबर सुनने के बाद सुप्रसिद्ध गायक बादशाह ने 6 से 7 बार कॉल कर सहदेव का हालचाल जाना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी परेशानी या जरूरत हो तो सीधे परिजन उनसे बात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की जरूरत हो तो वहां करवाएं, उनकी टीम पूरी मदद करेगी। साथ ही बादशाह की एक टीम भी सहदेव से मुलाकात करने के लिए पहुंचेगी।
जगदलपुर में अच्छा इलाज, फिर भी रिस्क नहीं लेना चाहते परिजन सहदेव के परिजन कह रहे हैं कि जगदलपुर मेडिकल कालेज में इलाज अच्छा हो रहा है। डॉक्टर्स और अस्पताल के स्टाफ सहदेव की स्थित देख रहे हैं, लेकिन खून का थक्का जमने से रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। कुछ ही घंटे में सहदेव को रायपुर रेफर किया जाएगा। ताकि और बेहतर उपचार हो सके। बाइक से गिरकर हुआ घायल सहदेव अपने परिजनों के साथ मंगलवार की शाम बाइक पर सवार होकर निकला था। बाइक पर 3 लोग सवार थे। सहदेव सबसे पीछे बैठा था। इस बीच शबरी नगर के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पीछे बैठने की वजह से हादसे में सहदेव को गंभीर चोटें आईं, जिसे आस-पास मौजूद लोग फौरन सुकमा जिला अस्पताल लेकर गए। सुकमा कलेक्टर और SP भी फौरन अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर भिजवाया था।
गायकी के मासूम अंदाज के चलते हुआ हिट सुकमा जिले के निवासी सहदेव का गाना ‘बसपन का प्यार’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने में सहदेव बचपन को ‘बसपन’ कहता है। उसका यह भोला और मासूम अंदाज ही पब्लिक को बेहद भा गया था। कई नामी सेलिब्रिटीज ने सहदेव के मूल वीडियो को शेयर किया था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने उसके साथ इस गाने का रीमिक्स तैयार किया था।