
बसीरहाट में चुनाव बाद हिंसा, बीजेपी कार्यकर्ता को गोली लगी
कोलकाता, 07 मई 2026: पश्चिम बंगाल के बसीरहाट में चुनाव बाद तनाव के बीच हिंसक घटना सामने आई है। बसीरहाट थाना क्षेत्र के गोत्रा ग्राम पंचायत स्थित राजीव कॉलोनी में बीजेपी कार्यकर्ता रोहित रॉय उर्फ चिंटू को गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
झंडा लगाने को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और झड़प शुरू हो गई।
विवाद के दौरान रोहित रॉय को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
संदेशखाली में भी हुई हिंसा
वहीं संदेशखाली क्षेत्र में भी चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। मंगलवार देर रात हुई झड़प में पुलिस और केंद्रीय बल के पांच जवान घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को डराने-धमकाने की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और केंद्रीय बल की टीम पर हमला किया गया। घायल जवानों को इलाज के लिए कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।


