बस्तर में डीएलएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी, 12 केंद्रों पर 3,891 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित डीएलएड (D.El.Ed.) प्रवेश परीक्षा को लेकर बस्तर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 4 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जगदलपुर शहर में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3,891 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

सुबह 10 बजे से होगी परीक्षा

डीएलएड प्रवेश परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी।

समय से पहले पहुंचना अनिवार्य

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

ड्रेस कोड का करना होगा पालन

व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा में ड्रेस कोड लागू रहेगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। जूते-मोजे पहनकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा बाली, झूमका, अंगूठी सहित किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, घड़ी, बेल्ट, पर्स, स्कार्फ, टोपी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संचार सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र जरूरी

जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही है, उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। इसके अलावा मूल प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य रहेगा।

इन संस्थानों को बनाया गया परीक्षा केंद्र

जगदलपुर के शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या विद्यालय सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

अधिकांश परीक्षा केंद्रों में 300 से 360 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

नोडल अधिकारी नियुक्त

परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक और डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पारदर्शी परीक्षा पर प्रशासन का फोकस

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।

Back to top button