बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा, दर्री बराज का गेट खोला गया

10,522 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, प्रभावित गांवों में हाई अलर्ट जारी

कोरबा, 21 जुलाई। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए दर्री बराज का 12 नंबर गेट खोल दिया गया है, जिससे लगभग 10,522 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

प्रभावित गांवों में हाई अलर्ट

बांध से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने प्रभावित गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को नदी-नालों और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

लगातार बारिश से बढ़ रहा जलस्तर

जानकारी के अनुसार, सरगुजा और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बांगो बांध में पानी की आवक बढ़ी है। वर्तमान में बांध का जलभराव स्तर 354.22 मीटर तक पहुंच गया है, जिसके चलते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

18 जुलाई को भी खोले गए थे गेट

इससे पहले 18 जुलाई को भी बढ़ते जलस्तर के कारण दर्री बराज के 7 और 12 नंबर गेट खोले गए थे। उस समय लगभग 19,884 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने कहा है कि जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Back to top button