9 लाख की इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
अवैध लकड़ी परिवहन मामले में बड़ी कार्रवाई
कोरबा, 21 जुलाई। कोरबा पुलिस ने इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और अमानत में खयानत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये मूल्य की इमारती लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेन जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व क्षेत्र में वैध अनुमति के साथ वृक्षों की कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत परिवहन का मामला सामने आया, जिसके बाद अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष जांच टीम का किया गया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी एवं प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और लगातार पतासाजी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
रायपुर-अभनपुर क्षेत्र से बरामद हुई लकड़ी
जांच के दौरान पता चला कि लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक पहुंचाया गया था। इसके बाद संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए लगभग 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है, बरामद की। साथ ही लकड़ी की लोडिंग और परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन भी जब्त कर ली गई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है। बरामद लकड़ी के वास्तविक स्रोत, अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वन संपदा की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय अथवा वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत वन संपदा की अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



