बांधापाली में जिंदल फाउंडेशन द्वारा नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण: ‘गांवों के विकास से ही संभव है क्षेत्र की प्रगति’ — नीरज सक्सेना
रायगढ़, 17 सितंबर। ग्राम पंचायत पाता के आश्रित ग्राम बांधापाली में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिंदल फाउंडेशन जेपीएल तमनार द्वारा सीएसआर मद से नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेपीएल के वाइस प्रेसीडेंट नीरज सक्सेना रहे, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती प्रेमशिला राठिया ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वीपी एंड लाइजनिंग हेड संजय श्रीवास्तव, उप सरपंच द्रौपदी पटेल, मैनेजर सीएसआर शीतल पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विकास और समर्पण की भावना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाइस प्रेसीडेंट नीरज सक्सेना ने कहा कि जिंदल कंपनी जहां भी कार्य करती है, वहां के गांवों के लिए हमेशा विकास की योजनाएं साथ लेकर आती है। उन्होंने कहा कि जब गांवों का विकास होगा, तभी कंपनी भी आगे बढ़ेगी। श्री सक्सेना ने बताया कि जिंदल फाउंडेशन द्वारा सीएसआर मद के माध्यम से बांधापाली और पाता में स्कूल की रूपरेखा बदलने, सीसी रोड और अब सामुदायिक भवन के निर्माण जैसे अनेक कार्य कराए गए हैं। यह नया भवन सभी की खुशियों और आयोजनों के काम आएगा। उन्होंने ग्रामीणों से इस भवन की देखभाल करने की अपील करते हुए भविष्य में आवश्यकतानुसार और भी विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया।
वीपी लैंड लाइजन एंड एक्विजिशन संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं है, बल्कि गांव के विकास के प्रति जिंदल के समर्पण का प्रतीक है। जिंदल पावर क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा है और स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल व इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। मैनेजर सीएसआर शीतल पटेल ने कहा कि कंपनी के साथ कदम मिलाकर चलने से गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ते हैं।
ग्रामीणों और सरपंच ने की सराहना
सरपंच प्रेमशिला राठिया ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पंचवर्षीय कार्यकाल में जिंदल कंपनी द्वारा गांव में स्कूल भवन, सीसी रोड और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय विकास कार्य कराए गए हैं। वहीं, वरिष्ठ नागरिक कन्हैया लाल समरथ ने जिंदल पावर के योगदान की सराहना करते हुए कंपनी की शुरुआत के दिनों को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत में कीर्तन मंडली द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा ग्राम पंचायत की ओर से उन्हें शॉल व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पंचायत सचिव रविशंकर नायक, दीनबंधु राठिया, लुमन राठिया, मन्नू लाल पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व महिलाएं उपस्थित रहीं।











