बालोद : महाराष्ट्र ले जा रहे थे दो गाय, पुलिस ने पिकअप समेत दो आरोपियों को पकड़ा

बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कमरौद में मवेशियों के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने गांव के गौठान के पास एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन में दो गायों को भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात ग्रामीणों ने सूचना दी कि पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर रात्रि गश्त में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजेश ठाकुर पुलिस टीम के साथ ग्राम कमरौद पहुंचे।

गौठान के पास संदिग्ध पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें दो गाय मिलीं। वाहन चालक मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ग्रामीण दयालु राम कंवर और अन्य गवाहों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

टेकापार के दो युवक गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में टेकापार निवासी मुरली प्रसाद माण्डले (31 वर्ष) और रामावतार देवदास (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

1.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त

बालोद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण (संशोधन) अधिनियम, 2011 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CA 5233, जिसकी कीमत लगभग 1.55 लाख रुपये बताई गई है, और दो गायों को जब्त किया है। गायों की अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 1.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Back to top button