बालोद में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकली, 17 मंडलों से बाइक रैली के जरिए पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजन, सांसद लक्ष्मी वर्मा ने मशाल जलाकर किया शुभारंभ
बालोद, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को बालोद में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शामिल हुईं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में मशाल जलाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा सरदार पटेल मैदान से शुरू होकर दल्ली चौक और नया बस स्टैंड होते हुए शीतला मंदिर पहुंची। इसके बाद अटल परिसर में कार्यक्रम का समापन हुआ। यहां अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना की गई।
17 मंडलों से बाइक रैली के जरिए पहुंचे कार्यकर्ता
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी 17 मंडलों से बाइक रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बालोद पहुंचे और मुख्य आयोजन में शामिल हुए।
आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में किए गए कार्यों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
17 सितंबर से जिले में चल रहा सेवा संकल्प अभियान
बालोद जिले में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा और उत्सव’ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रथ और नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े सेवा कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
