रायगढ़ में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन, पीएम मोदी ने वर्चुअली किया संबोधित

रामलीला मैदान से निकली यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस पहुंची; ओपी चौधरी बोले- मोदी जैसा नेतृत्व मिलना देश का सौभाग्य

रायगढ़, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायगढ़ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9 बजे हुई। जिले के विभिन्न मंडलों से भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचे। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने दिलाया विकसित भारत का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों को ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।

संकल्प के बाद अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की और रामलीला मैदान से सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा

सेवा ज्योति यात्रा रामलीला मैदान से निकलकर घड़ी चौक, हंडी चौक, गद्दी चौक और सुभाष चौक होते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक पहुंची। इसके बाद नटवर स्कूल और सतीगुड़ी चौक होते हुए यात्रा वापस रामलीला मैदान पहुंची।

यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की।

‘नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिलना सौभाग्य की बात’

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की 25 वर्ष की राजनीतिक यात्रा का संदेश सेवा से जुड़ा रहा है और इसी भाव के साथ रायगढ़ में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई।

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देश के सामने स्पष्ट दिशा और रोडमैप रखा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जनता का लगातार समर्थन मिलना लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिलना देश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी लोगों से मिलकर प्रयास करने की बात कही।

Back to top button