बिलासपुर निगम की ठेकेदारों को दो टूक, घटिया निर्माण पर होंगे ब्लैकलिस्ट; अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश

बिलासपुर। नगर निगम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदारों को सख्त चेतावनी दी है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कम दर पर टेंडर लेकर घटिया निर्माण करने वाले और काम शुरू करने में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को निगम के दृष्टि सभाकक्ष में इंजीनियरों और ठेकेदारों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी जोन में चल रहे निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। कमिश्नर ने अधूरे पड़े और अब तक शुरू नहीं हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।

समय-सीमा में पूरे करने होंगे निर्माण कार्य

कमिश्नर ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने की ओर है। ऐसे में ठेकेदार निर्माण कार्यों में तेजी लाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो ठेकेदार अब तक काम शुरू नहीं कर पाए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निगम प्रशासन ने साफ किया कि काम की गुणवत्ता और तय समय-सीमा, दोनों का पालन करना जरूरी है।

ठेकेदारों ने उठाया भुगतान में देरी का मुद्दा

बैठक के दौरान ठेकेदारों ने अपनी समस्याएं भी निगम कमिश्नर के सामने रखीं। उन्होंने बिल पास होने में देरी, फंड की उपलब्धता में परेशानी और गैर-तकनीकी लोगों के काम में हस्तक्षेप जैसे मुद्दे उठाए।

ठेकेदारों ने भुगतान प्रक्रिया को व्यवस्थित करने और बिलों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय करने की मांग की। साथ ही जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया सरल बनाने का आग्रह भी किया।

बिलिंग और फंड की समस्या दूर करने का आश्वासन

ठेकेदारों की समस्याओं पर कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बिलिंग प्रक्रिया के लिए समय-सीमा निर्धारित करने और फंड से जुड़ी दिक्कतों को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया आसान करने की मांग पर भी विचार करने की बात कही।

बैठक में अधीक्षण अभियंता एसपी साहू, ठेकेदार संघ के राजकुमार तिवारी, कमल सिंह, जितेंद्र सोनी, नरेंद्र चित्रकार, विवेक ताम्रकार, आनंद बुधोलिया, अशोक तिवारी, राजन जायसवाल, अंबर चतुर्वेदी और राहुल ताम्रकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Back to top button