सूरजपुर में मां-बेटे की हत्या से सनसनी, सड़क किनारे मिला 12वीं के छात्र का शव; घर के बाथरूम में मिली शिक्षिका मां

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक सरकारी शिक्षिका और उसके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह महावीरपुर गांव में सड़क किनारे युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। युवक की पहचान होने पर पुलिस उसके घर पहुंची, जहां तलाशी के दौरान उसकी मां का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मामले की जांच में जुटे हैं।

सड़क किनारे मिला था छात्र का शव

जानकारी के मुताबिक, जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-43 के पास ग्रामीण सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर हत्या कर शव वहां फेंके जाने की आशंका जताई गई। पहचान नहीं होने पर शव को विश्रामपुर मॉर्च्युरी भेज दिया गया था।

बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेट के रूप में हुई।

घर में ताला तोड़ने पर मिला मां का शव

सुजल की पहचान के बाद पुलिस को पता चला कि उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है। इसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था और उसकी मां का कोई पता नहीं चल रहा था।

पुलिस ने परिचितों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया। घर के अंदर बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेट का शव संदिग्ध हालत में मिला। रजनी बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। पति की मौत के बाद वह अपने बेटे के साथ रहती थीं।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड कर रहे जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। जांच में मदद के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है।

पुलिस इस आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि महिला की हत्या घर में की गई और उसके बेटे की हत्या कहीं दूसरी जगह करने के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया। हालांकि, वारदात की परिस्थितियों और आरोपियों के संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस ने कहा—दोनों मां-बेटे थे

सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि दोनों मृतक मां-बेटे हैं। महिला शिक्षिका थीं और उनका बेटा पढ़ाई कर रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों मूल रूप से बालाघाट क्षेत्र के रहने वाले थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दोनों की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Back to top button