बिलासपुर: मूर्तियों की दुकान हटाने पहुंची निगम की टीम से विवाद, धक्का-मुक्की के बाद दुकानदारों ने खुद हटाईं मूर्तियां

बिलासपुर। शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित राजीव प्लाजा के सामने रविवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम और मूर्ति विक्रेताओं के बीच विवाद हो गया। गार्डन की दीवार पर लगाई गई मूर्तियों की दुकान हटाने पहुंची टीम ने जब सामान जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तो विक्रेताओं ने विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। बाद में दुकानदारों ने खुद ही मूर्तियां वहां से हटा लीं, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

मूर्तियां जब्त करने की कार्रवाई पर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की अतिक्रमण टीम रविवार को शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों से अतिक्रमण हटाने निकली थी। टीम गोल बाजार, सदर बाजार, जूना बिलासपुर, गांधी चौक और शिव टॉकीज चौक होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंची।

यहां राजीव प्लाजा के सामने गार्डन की दीवार पर मूर्तियां रखकर दुकान लगाई गई थी। निगम की टीम ने जब मूर्तियां जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तो विक्रेताओं ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।

कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हुई और दुकानदारों ने अपनी मूर्तियां खुद ही वहां से हटा लीं।

अतिक्रमण मुक्त जमीन पर बनाया गया है गार्डन

राजीव प्लाजा के सामने स्थित खाली जमीन को नगर निगम ने पहले अतिक्रमण से मुक्त कराया था। इसके बाद वहां पेड़-पौधे लगाकर गार्डन विकसित किया गया। परिसर में शहर की जानी-मानी हस्तियों की स्मृति में शिलालेख भी लगाए गए हैं।

गार्डन की दीवार पर मूर्तियां रखकर दुकान लगाए जाने के बाद निगम की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।

अतिक्रमण हटाने के दौरान एक ट्रॉली सामान जब्त

नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़क पर दुकान लगाने, दुकानों के बाहर सामान फैलाने और लोगों की आवाजाही में बाधा पैदा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

इस दौरान टीम ने करीब एक ट्रॉली सामान जब्त किया। निगम की कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराना तथा आम लोगों की आवाजाही सुगम बनाना बताया गया है।

Back to top button