रायगढ़ जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनीं लोगों की समस्याएं

रायगढ़। जिला कलेक्टोरेट में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आम नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान स्कूल भवन निर्माण, सड़क, वन अधिकार पट्टा, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार, किसान पंजीयन और मनरेगा की राशि सहित विभिन्न विषयों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

स्कूल भवन और शिक्षकों की व्यवस्था की मांग

जनदर्शन में ग्राम पंचायत नूनदरहा के सरपंच ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत स्कूल में अहाता निर्माण की आवश्यकता बताते हुए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम अमलीडोडा के ग्रामीणों ने नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण की मांग रखी। ग्राम गौरबहरी के ग्रामीणों ने माध्यमिक शाला में शिक्षक की व्यवस्था करने का अनुरोध किया।

वन अधिकार पट्टा और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार के आवेदन

खरसिया निवासी अनिल गोयल ने कंप्यूटर भुइयां रिकॉर्ड में अपने नाम की वर्तनी सुधारने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम बैहामुड़ा के मंगल राठिया और बालमती राठिया ने वन अधिकार पट्टा दिलाने की मांग की।

इसी तरह ग्राम सकरलिया के शनिराम बिरहोर ने अपने रकबे का किसान एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराने के संबंध में आवेदन दिया।

सड़क निर्माण और मनरेगा की राशि का मुद्दा

ग्राम औरदा निवासी अंजोर सिंह ने मनरेगा के तहत किए गए कार्य की राशि दिलाने की मांग रखी। इसके अलावा ग्राम पेलमा से झरियापाल तक सड़क निर्माण के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किया गया।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कसडोल में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने और आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत कराने की मांग भी जनदर्शन में रखी।

अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। जनदर्शन में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button