बेंगलुरु: पत्थर खदान में चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत

40 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टान, सभी मृतक बिहार के निवासी; कई मजदूर घायल, जांच शुरू

बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु साउथ तालुक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। करीब 40 फीट ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से बिहार के 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय खदान में करीब 14 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया। यह भी जांच की जा रही है कि मलबे के नीचे अन्य मजदूर तो नहीं दबे हैं।

सभी मृतक बिहार के निवासी

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के रहने वाले थे और दिहाड़ी मजदूर के रूप में स्टोन क्रशर साइट पर कार्यरत थे। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया अचानक ढह गई पहाड़ी

घटनास्थल पर मौजूद एक्सकेवेटर चालक परशुराम ने बताया कि जैसे ही उन्होंने काम शुरू करने के लिए मशीन चालू की, उसी समय पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया। उनके मुताबिक, घटना इतनी तेजी से हुई कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

सुरक्षा मानकों की होगी जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि चट्टान गिरने की वजह क्या थी और खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि खदान संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Back to top button