जशपुर: 27 लीटर से अधिक अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
114 बोतल अंग्रेजी व देसी शराब जब्त, परिवहन में इस्तेमाल प्लेटिना बाइक भी पुलिस ने की जब्त
जशपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी और देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG-14-MU-1427) से बड़ी मात्रा में शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पालीडीह के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54) निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया।
114 बोतल शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखी बोरी और झोले से कुल 114 बोतल अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 16,440 रुपये बताई गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने आरोपी से शराब के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी शराब खेप और परिवहन में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


