बेमेतरा में बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में पलटी, 17-18 बच्चे सवार; कई घायल, अस्पताल में भर्ती
सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा के पास हादसा; ग्रामीणों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला
बेमेतरा, 24 अगस्त। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार कई बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
17-18 बच्चों को लेकर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 करीब 17 से 18 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मदद से अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद हादसे के कारणों का पता चल सकेगा।











