ब्रांडेड शराब के नाम पर चल रहा था नकली कारोबार, पुलिस-आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
रायगढ़। जिले में ब्रांडेड शराब के नाम पर नकली शराब तैयार कर बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड थाना क्षेत्र के धनागार गांव में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध शराब, खाली बोतलें, ढक्कन और अन्य सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि धनागार गांव में अवैध रूप से नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने अपने स्तर पर जांच कराई। प्रारंभिक जांच में खरीदी गई शराब की बोतलों और उन पर लगे होलोग्राम को देखकर अधिकारियों को गड़बड़ी का संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में शराब की बोतलें, खाली शीशियां, ढक्कन और शराब तैयार करने में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। मौके से मिली सामग्री को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर यह मामला ब्रांडेड शराब की नकली पैकिंग तैयार कर अवैध बिक्री से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि जब्त सामग्री की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस और आबकारी विभाग का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। नकली शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।



