भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री पर जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़ के बाद मारपीट; 60 हजार रुपये लूटने का आरोप

घर लौटते समय रास्ता रोककर हमला, नशे के कारोबार का विरोध करने पर वारदात का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री एवं पोल्ट्री फार्म व्यवसायी कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ करने के बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कपिलेश्वर धीरज को डायल-112 की सहायता से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर लौटते समय रास्ता रोककर किया हमला

जानकारी के अनुसार, कपिलेश्वर धीरज निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास अपनी दुकान बंद कर बुधवार देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान भुलसीडीह गांव के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

60 हजार रुपये लूटने का आरोप

घायल भाजपा नेता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। हमले के बाद वे बेहोश हो गए, जिसके बाद आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

नशे के कारोबार का विरोध बताया वजह

कपिलेश्वर धीरज का आरोप है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी गतिविधि का विरोध करने और संबंधित लोगों को समझाइश देने के बाद से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उनका दावा है कि इसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।

कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस चालक पर आरोप

घायल नेता ने आरोप लगाया है कि घटना में शामिल मुख्य आरोपियों में एक स्थानीय कांग्रेस नेता का बेटा और एक पुलिस चौकी में पदस्थ सरकारी वाहन चालक भी शामिल है। उनका कहना है कि आरोपियों द्वारा पहले भी उन्हें धमकाया गया था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट, तोड़फोड़ और लूट के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button