भालूनारा से रॉबर्ट्सन तक की सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना समाप्त, 1 अक्टूबर से शुरू होगा काम

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भालूनारा से रॉबर्ट्सन तक की बदहाल सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों और खरसिया विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया है।

खराब सड़क से कई गांव थे परेशान

ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब थी, जिसके कारण भालूनारा, राबर्टसन, नवागांव, पामगढ़ रजघट्टा, छोटे डूमरपाली और बड़े डूमरपाली के ग्रामीण गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे थे। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण पिछले कुछ दिनों से आंदोलनरत थे।

हस्ताक्षर अभियान और पुलिस बल की तैनाती

गुरुवार को भी ग्रामीण नवागांव सड़क पर डटे हुए थे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चला रहे थे, जिसमें 6-7 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। स्थिति को देखते हुए दोपहर के बाद भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रशासन द्वारा सड़क के गड्ढों को पाटने और प्रारंभिक मरम्मत की व्यवस्था की जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि केवल मरम्मत नहीं, बल्कि पक्की सड़क का नया निर्माण किया जाना चाहिए। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

विधायक की पहल और लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए खरसिया विधायक उमेश पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के समर्थन में एसडीएम (SDM) व पुलिस अधिकारियों से लंबी चर्चा की।
अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद एसडीएम ने लिखित में आश्वासन दिया कि 1 अक्टूबर से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन के इस लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपनी सहमति जताई और शांतिपूर्ण तरीके से अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया।

Back to top button