भिलाई स्टील प्लांट से स्क्रैप चोरी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 15 आरोपी पकड़े गए

फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में हो रही थी लौह स्क्रैप की चोरी, करोड़ों की संपत्ति जब्त

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित स्क्रैप चोरी मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एक स्क्रैप कारोबारी प्रतिष्ठान में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप, लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री बरामद की गई थी।

कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया गया था। इसके अलावा स्क्रैप परिवहन और लोडिंग में उपयोग किए जा रहे कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनों को भी जब्त किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पिछले चार से पांच महीनों से योजनाबद्ध तरीके से फ्लू डस्ट के साथ लौह स्क्रैप की चोरी कर उसे अवैध रूप से संग्रहित कर आर्थिक लाभ कमा रहा था।

मामले में अब तक लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों और मशीनों सहित करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

विवेचना के दौरान बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54) और मनोज कुमार देवांगन (58) की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही वित्तीय लेन-देन और पूरे नेटवर्क की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button