
मदर्स डे पर पचधारी डेम में डूबने से युवक की मौत, मां का रो-रोकर बुरा हाल
रायगढ़, 11 मई 2026: रायगढ़ जिले के पचधारी डेम में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मदर्स डे के दिन बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेसुध हो गई। अस्पताल में मां अपने बेटे को उठाने की कोशिश करती रही, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
मृतक की पहचान रियापाली निवासी अजय सिदार (25) के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी लारा में कार्यरत था।
दोस्तों के साथ घूमने गया था डेम
जानकारी के अनुसार रविवार की छुट्टी होने के कारण अजय अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने गया था। इस दौरान सभी नहाने के लिए पानी में उतरे।
बताया जा रहा है कि नहाते समय अजय गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।
पुलिस ने बाहर निकाला शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद अजय का शव पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
हादसे की खबर फैलते ही डेम के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
हर साल होती हैं डूबने की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि पचधारी डेम में हर साल डूबने की घटनाएं सामने आती हैं। इसके बावजूद लोग चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेते।
प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भी लापरवाही जारी रहने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।


