12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, छात्रों को 3 हजार में बेचता था प्रश्नपत्र

रायपुर, 12 मई 2026: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर छात्रों को पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने का आरोप है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पेपर

पुलिस के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई थी।


डिलीट डेटा रिकवर कर पहुंची पुलिस आरोपी तक

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मामले से जुड़े लोग मोबाइल चैट और सोशल मीडिया रिकॉर्ड सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।

इसके बाद साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीटेड डेटा रिकवर किया गया। पुलिस ने करीब 50 छात्रों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।


3 हजार रुपये में बेचता था पेपर

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वेणु जंघेल छात्रों से 3 हजार रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। आरोपी मूल रूप से बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था।

मामला सामने आने के बाद वह फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।


5 हजार का था इनाम

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया।


पेपर लीक नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस के अनुसार चार दिन की रिमांड के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य लोगों की संलिप्तता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Back to top button