
महिला सुरक्षा और लंबित प्रकरणों को लेकर आईजी ने ली रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में महिला सुरक्षा, लंबित प्रकरणों के निराकरण और न्यायालयीन निर्देशों के पालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एक माह में पुराने प्रकरण शून्य करने का लक्ष्य
समीक्षा बैठक में एक वर्ष से अधिक पुराने लंबित प्रकरणों को विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने लंबित पुराने मामलों को आगामी एक माह के भीतर शून्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
गंभीर अपराधों की अलग से समीक्षा
बैठक में लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों की प्रकरणवार समीक्षा करने और शीघ्र चालान न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए गए।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया।
महिला संबंधी अपराधों पर विशेष फोकस
आईजी राम गोपाल गर्ग ने महिला संबंधी अपराधों की जांच और त्वरित निराकरण को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने ITSSO (Investigation Tracking System for Sexual Offence) के तहत 60 दिनों से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
समय सीमा के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश
बैठक में कहा गया कि जिन मामलों की जांच 60 दिन की समय सीमा के भीतर चल रही है, उनमें लगातार साक्ष्य संकलन कर समय पर विवेचना पूरी की जाए।
आईजी ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रेंज के अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, जांजगीर-चांपा और सारंगढ़ जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।


